बेलाताल (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर के बछेछरखुर्द गांव में एक युवक ने अंदर से कमरा बंद करके फांसी लगा ली। परिजनों ने जब तक उसे फंदे से नीचे उतारा, सांसे थम चुकी थीं। युवक के आत्महत्या करने की वजह पता नहीं चली है। पुलिस जांच कर रही है।
बछेछरखुर्द गांव निवासी राहुल राजपूत (19) शुक्रवार की रात अपने कमरे में लेटा था। देर रात उसने कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली। इसके बाद पंखे के कुंडे के सहारे रस्सी से फांसी लगा ली। शनिवार की सुबह परिजनों को घटना का पता चला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन उसकी तब तक सांसे थम चुकीं थीं। राहुल के दादा बिहारी राजपूत ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ। पौत्र ने आत्महत्या क्यों की, उन्हें नहीं पता है।