पनवाड़ी (महोबा)। विकासखंड पनवाड़ी की ग्राम पंचायत बम्हौरी कुर्मिन में गुरुवार को प्रधान पद के हारे व जीते प्रत्याशी के समर्थकों में विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस झगड़े में महिलाओं समेत 16 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां तीन की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत बम्हौरी कुर्मिन से सत्येंद्र पटेल व धर्मजीत ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी थे। दो मई को मतगणना के बाद सत्येंद्र पटेल विजयी हुए, जबकि धर्मजीत को हार का सामना करना पड़ा। गुरुवार की सुबह दोनों पक्षों के समर्थकों में चुनावी को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी लेकर आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। परिजनों को बचाने पहुंची महिलाओं को भी मारपीटकर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मारपीट में हारे प्रत्याशी की ओर से हरगोविंद, रामप्रकाश, सुधीर, सावित्री, राजन, हरप्रसाद, विशाल, कमलेश, विनिल और जीते प्रत्याशी की ओर से महेश चंद्र, सोनू, संतोष, सुनीता, जयकुंवर, ममता व पार्वती घायल हो गए। इनमें से हरगोविंद, रामप्रकाश व राजन की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, हारे प्रत्याशी के समर्थक हरगोविंद का आरोप है कि मारपीट के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बीच बचाव नहीं कराया और विजयी प्रत्याशी के समर्थक मारपीट करते रहे।
प्रधान पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप
कुलपहाड़। कोतवाली कुलपहाड़ के ठठेवरा गांव से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान पर गांव की एक महिला ने घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
गांव की महिला सर्वेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि ठठेवरा गांव से रामाधार यादव प्रधान चुने गए हैं। रामाधार ने अपने साथियों के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट की। बीचबचाव करने आए सास-ससुर के साथ भी मारपीट की। महिला का आरोप है कि चुनाव में उन्होंने वोट देने से मना कर दिया था। इसकी खुन्नस में मारपीट की गई। उधर, कोतवाली प्रभारी रविंद्र तिवारी का कहना है कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।