महोबा। कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। गुरुवार को कोरोना की चपेट में आकर ग्राम विकास अधिकारी समेत चार लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग को मिली जांच रिपोर्ट में 157 कोरोना संक्रमित मिले। 96 लोग बीमारी से जंग जीतकर स्वस्थ हुए। एक्टिव केस 997 हैं। जिले में अब तक 3758 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 37 लोगों की मौत हो चुकी है।
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने 1100 लोगों के सैंपल लिए। इसके साथ ही अब तक लिए गए सैंपलों का आंकड़ा तीन लाख 25 हजार 188 पहुंच गया है। जिले में रिकवरी दर 73.47 प्रतिशत है। कोरोना से संक्रमित विकास खंड जैतपुर के ग्राम विकास अधिकारी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वह करीब 20 दिन पहले चुनाव ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुए थे। हालत बिगड़ने पर झांसी रेफर किया गया था, जहां पर उनका इलाज चल रहा था। इसके अलावा तीन और संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिन्हा का कहना है कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए दो गज की दूरी बनाना जरूरी हो गया है। घर पर भी परिजन आपस में दूरी बनाकर रहें। होम क्वारंटीन होने पर अपने आप को परिवार वालों से दूर रखें। एक कमरे में रहें और किसी से मुलाकात न करें। यह परिजनों के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है।
श्रीनगर कस्बे में तीन दिन के अंदर कोरोना की चपेट में आकर तीन लोगों की जान जा चुकी है। एक दर्जन से ज्यादा लोग होम आइसोलेशन में है। क्षेत्र के लोगों के मुताबिक श्रीनगर में कोरोना की जांच की सुविधा न होने से बीमार लोगों को जिला अस्पताल जाना पड़ता है। कस्बे के घनश्याम दास व मैयादीन का कहना है कि सफाई कर्मचारी के न आने से सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है। सैनिटाइजेशन भी नहीं हो रहा है।