श्रीनगर (महोबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर में बने कोविड अस्पताल में मंगलवार को डॉक्टर के साथ अभद्रता व हंगामा करने के मामले में पुलिस ने ठेकेदार समेत 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
कोविड अस्पताल श्रीनगर में मंगलवार दोपहर डॉ. पवन राजपूत अपना काम निपटा रहे थे। तभी खाना बनाने वाला ठेकेदार सोएब मोहम्मद वार्ड में जाने लगा। इस पर डॉक्टर ने विरोध किया तो ठेकेदार भड़क गया। डॉक्टर व स्टाफ नर्स से अभद्रता कर दी थी। इसके बाद ठेकेदार ने अपने 25 से 30 साथियों को फोन करके बुला लिया था और अस्पताल में जमकर हंगामा किया था। जिससे नाराज डॉक्टर व कर्मचारियों ने काम बंद कर सीएमओ समेत उच्चाधिकारियों को सूचना दी थी।
डॉ. पवन राजपूत की तहरीर पर पुलिस ने सोएब मोहम्मद व 29 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा, महामारी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी सोएब को रात में ही गिरफ्तार कर लिया जबकि अज्ञात लोगों की तलाश की जा रही है। थानाध्यक्ष श्रीनगर संजय शर्मा का कहना है कि डॉक्टर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।