महोबा। शहर कोतवाली व कबरई पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर हारजीत की बाजी लगाते 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हजारों की नगदी बरामद की है। सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार दुबे की अगुवाई में गठित टीम ने चरखारी बाईपास मार्ग में सड़क किनारे एक स्थान पर छापा मारा। जहां ताश के पत्तों से हारजीत की बाजी लगा रहे जान मोहम्मद, राजू बेग, फरहान, इश्तियाक खान, इकबाल, मोहम्मद वकील, इम्तियाज बेग व फिरोज खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फड़ से 26 हजार और जामा तलाशी में 16,500 रुपये की नगदी बरामद की।
इसी तरह थानाध्यक्ष दिनेश सिंह के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शंकरपुरवा में छापा मारकर गनेश रैक्वार, रामपाल कुशवाहा, लक्ष्मण विश्वकर्मा व मनोज कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मालफड़ व जामातलाशी में 3,090 रुपये की नगदी बरामद की है। जुआरियों के खिलाफ जुआ अधिनियम व महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।