कबरई (महोबा)। पत्थर मंडी कबरई में बरी पहाड़ के पास गुरुवार को विस्फोटक से भरी पिकअप गाड़ी पकड़े जाने के मामले में पुलिस ने पट्टाधारक समेत पांच लोगों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज की है। पिकअप चालक से मारपीट, वसूली व तीन गत्ता विस्फोटक छीनकर ले जाने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहाड़ों में खनन के लिए अवैध तरीके से विस्फोटक सामग्री मंगाई जाती है। गुरुवार दोपहर पुलिस ने छापा मारकर पिकअप पकड़ी थी। शुक्रवार को पुलिस ने अवैध विस्फोटक के मामले में शिव स्टोन के पट्टाधारक, हिमांशु गुप्ता, चालक सगीर, क्लीनर बंटू उर्फ जमील खां व नीलेश गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है जबकि सीपू तिवारी, अखिलेश द्विवेदी, लखन नाई निवासीगण कबरई व एक अज्ञात के खिलाफ वसूली, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पिकअप से 79 गत्ता अवैध विस्फोटक बरामद हुआ है।