महोबा। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। आपराधिक इतिहास वाले 50 लोगों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि 10 लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा जिला मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार ने तीन माह के अंदर गुंडा एक्ट के 13 अपराधियों को जिला बदर किया है।
सहायक अभियोजन अधिकारी अंकेश राम त्रिवेदी ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट ने 13 अपराधियों को जिला बदर किया है। इनमें राम मिलन अहिरवार निवासी रतौली, धर्मेंद्र पाठक (कुम्हड़ौरा), हेमंत श्रीवास (भीतरकोट), पवन (कबरई), बलवीर (परसहा), अन्नू उर्फ अरविंद (मवई), ब्रजभान लोधी (बपरेथा), लियाकत अली (चरखारी), ज्ञान सिंह व भानसिंह लोधी (कुड़ार), अवनीश उर्फ गुड्डू गुप्ता (ननौरा), अनिल यादव (सतौरा) व विनोद तिवारी (अजनर) शामिल हैं। बुधवार की देर शाम जिला मजिस्ट्रेट ने पूर्व मंत्री बादशाह सिंह समेत सात लोगों के शस्त्र लाइसेंस निलंबित करते हुए नोटिस जारी किया था। जवाब न देने पर शस्त्र निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।