अजनर (महोबा)। एसपी अरुण कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर पंचायत चुनाव को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अजनर थाने की पुलिस ने बुधवारा गांव में छापा मारकर काफी समय से चल रही अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी। एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मौके से दो तमंचे, पांच अधबने तमंचे व उपकरण बरामद किया गया है।
अजनर थानाध्यक्ष श्याम प्रताप पटेल को सूचना मिली कि बुधवारा गांव में गोशाला के पास पहाड़िया के ऊपर अवैैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी चल रही है।
इस पर एसएसआई रामप्रताप यादव व एसआई हरिश्चंद्र मिश्रा ने फोर्स के साथ छापा मारकर मकरंद राजपूत को गिरफ्तार किया गया। मौके से दो तमंचे, पांच अधबने तमंचे, सात कारतूस, कटर, स्प्रिंग पाइप समेत अन्य उपकरण बरामद किए। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जुआं, शराब व अन्य अवैध कार्य किसी कीमत पर नहीं होने दिए जाएगा।