महोबा। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के कस्बा नौगांव में महोबा के हिस्ट्रीशीटर बाल किशुन चौबे की हत्या जमीन के विवाद व पैसे के लेनदेन को लेकर की गई थी। मध्यप्रदेश पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उधर, मृतक बाल किशुन का शव गांव आने पर पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
थाना अजनर थाना क्षेत्र के खमा गांव निवासी बाल किशुन चौबे पर यूपी व एमपी के थानों में विभिन्न आपराधिक मुकदमे में दर्ज थे। चार वर्ष पहले वह गांव छोड़कर मध्यप्रदेश के कस्बा नौगांव में रहकर प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था। 20 मार्च की रात बाल किशुन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
मृतक के भतीजे बृजेश चौबे ने थाना नौगांव में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को मध्यप्रदेश पुलिस ने आरोपी शरद द्विवेदी, राजकुमार व सतीश नामदेव को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बंदूक, एक बाइक व भूमि से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष नौगांव संजय वेदिया ने बताया कि भूमि व लेनदेन के विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया था। तीनों आरोपी को जेल भेजा गया है।