अजनर (महोबा)। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर घुटई व बेलाताल रेलवे स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। महिला के भाई ने बहनोई पर बहन को चलती ट्रेन से धक्का देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थुरट गांव निवासी पर्वत अहिरवार व उनकी पत्नी संगीता (24) दिल्ली में मजदूरी थे। मंगलवार की रात पति-पत्नी दिल्ली से महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन से घर लौट रहे थे। तभी बोगी के गेट पर खड़ी संगीता घुटई रेलवे स्टेशन के आगे चलती ट्रेन से गिर गई।
पति व अन्य यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई। इसके बाद घायल महिला को ट्रेन में चढ़ाया गया। बेलाताल स्टेशन पर रेलकर्मियों ने एंबुलेंस से महिला को सीएचसी जैतपुर पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में संगीता की मौत हो गई।
चरखारी कोतवाली क्षेत्र के सोहजना गांव निवासी संगीता के भाई विनय का आरोप है कि बहनोई पर्वत अहिरवार ने चलती ट्रेन से धक्का देकर बहन को गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। थाना अजनर के एसएसआई रामप्रताप यादव का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।