महोबा। हमीरपुर के मौदहा थाना क्षेत्र के भवानी गांव में साढ़े पांच साल पहले मिला अधजला शव किसका था। इसका पता लगाने में जुटी मौदहा थाने की पुलिस ने खुद की हत्या की साजिश की रचने वाले शातिर बिंदादीन को दो दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया है। विवेचक बुधवार को महोबा जेल से उसे कस्टडी रिमांड लेकर मौदहा चले गए। मौदहा में उससे पूछताछ की जा रही है।
खन्ना गांव निवासी मंगी के बेटे बिंदादीन उर्फ विनडोला के खिलाफ हत्या व लूट समेत 24 से ज्यादा मामले हमीरपुर, महोबा व आसपास के जिलों में दर्ज है। इन अपराधों में सजा से बचने के लिए बिंदादीन साजिश के तहत 16 मई 2015 को घर से लापता हो गया था। अगले दिन मौदहा क्षेत्र के भवानी गांव में एक व्यक्ति का अधजला शव मिला था।
मौके पर पहुंचे पिता मंगी और भाई हरिदास ने शव की शिनाख्त बिंदादीन के रूप में की थी। मामले में मंगी ने पड़ोसी भगवानदीन, उसके भाई भाऊ व पिता रतिया के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी चार महीने से अधिक समय तक जेल में भी रहे थे। हालांकि, बिंदादीन को डकैती के मामले में महोबा जेल में बंद होने की बात सामने आने पर आरोपियों को क्लीन चिट मौदहा थाने की पुलिस दे चुकी थी। जबकि बिंदादीन के पिता मंगी को पुलिस ने जेल भेजा है।
अब मामले की विवेचना कर रहे मौदहा थाना प्रभारी मनोज मिश्रा ने कोर्ट के आदेश पर बुधवार को बिंदादीन को महोबा जेल से दो दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया है। विवेचक मौदहा ले जाकर उससे भवानी गांव में मिले अधजले शव के बारे में पूछताछ करने में जुटे है। थाना प्रभारी ने बिंदादीन को कस्टडी रिमांड पर लेने की पुष्टि की है।