महोबा। शहर के प्राइवेट बस स्टैंड निवासी इंटर के छात्र ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
प्राइवेट बस स्टैंड निवासी सुरेश का पुत्र शोभित (18) डीएवी कालेज में इंटर का छात्र था। मंगलवार की शाम खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। शोभित ने पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। देर शाम कमरे में पहुंचे परिजनों ने उसे फंदे पर लटकते देखा। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ। बेटे ने यह कदम क्यों उठाया यह समझ में नहीं आ रहा है।
उधर, खन्ना थाना क्षेत्र के मवई खुर्द गांव में किशोरी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मध्यप्रदेश के आलमपुर दमौरा निवासी श्रीदयाल की पुत्री क्रांति (13) दो दिन पहले मवई खुर्द निवासी अपने जीजा के यहां आई थी। यहां उसने फांसी लगाकर जान दे दी थी। परिजनों ने किसी प्रकार की तहरीर अभी तक थाने में नहीं दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।