खन्ना (महोबा)। थाना पुलिस ने मंगलवार को 50 लाख की धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी मेघनाथ राजपूत को गिरफ्तार किया है। दोपहर बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थानेदार ने बताया कि कस्बा खन्ना निवासी किसान छुट्टू अहिरवार की जमीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के लिए सरकार ने अधिगृहीत कर ली थी।
इसके एवज में छुट्टू को दो करोड़ 39 लाख पांच सौ रुपये मुआवजा मिला था। यह रकम उसने खन्ना स्थित इंडियन बैंक में जमा की थी। सितंबर में उसके बैंक खाते से शातिरों ने 50 लाख रुपये फर्जी तरीके से चेक जारी कराकर पार कर दिए थे। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। मंगलवार को इसी मामले में आरोपी कस्बा खन्ना निवासी मेघनाथ को पुलिस ने क्षेत्र में स्थित मनौरा बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर किया।