महोबा। जिले के उप कारागार में कोरोना संक्रमित बंदियों की संख्या 102 पहुंच गई है। इन बंदियों की जांच रिपोर्ट झांसी मेडिकल कालेज से मिलने के बाद यह खुलासा हुआ है। कोरोना संक्रमित सभी बंदियो का उप कारागार में ही इलाज चल रहा है। यहां की दो बैरकों को कोविड एलटू हॉस्पिटल में तब्दील किया गया है। पहले एंटीजन टेस्ट में 90 बंदियों की कोरोना संक्रमित होने की बात सामने आई थी।
सीएमओ डॉ. मनोजकांत सिन्हा ने बताया कि झांसी मेडिकल कालेज से सभी बंदियों की कोरोना जांच की रिपोर्ट सोमवार को आ गई है। इसमें 102 बंदी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी का कारागार की दो बैरकों में बने कोविड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
डॉक्टरों की टीम लगातार कोरोना संक्रमित बंदियों की देखरेख में लगी है। वहीं बताया कि जिले में मंगलवार को 18 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें कुछ को कोविड अस्पताल तो कई का घरों में इलाज चल रहा है। कोरोना पॉजिटिव निकले लोग जिले के लमौरा जैतपुर, जारीगंज. पनवाड़ी के नैपुरा व बेंदो, कबरई के कुम्हारन खेड़ा, किदवई नगर, भाटीपुरा समेत कई स्थानों के रहने वाले हैं।
--
प्रशासनिक अफसर भी कोरोना पॉजिटिव निकले महोबा। तहसील के प्रशासनिक अफसर भी कोरोना संक्रमित हो गए। उनका लखनऊ के मेंदाता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इस बात की पुष्टि डीएम सत्येंद्र कुमार की। अफसर की कई दिनों से तबियत ठीक नहीं थी। उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर डेंगू की जांच कराई। रिपोर्ट में उन्हें डेंगू होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उनकी कोरोना की जांच हुई, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बताया कि अफसर को पहले इलाज के लिए कानपुर ले जाया गया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें लखनऊ के मेंदाता हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।