महोबा। मिशन शक्ति अभियान के तहत वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में सीओ सिटी कालू सिंह की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें सीओ ने महिला सशक्तिकरण, साइबर क्राइम, ट्रैफिक कंट्रोल के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी।
अभियान की नोडल अधिकारी रचना सिंह ने कहा कि छात्राएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े। किसे न डरे। यदि कोई घूर कर देखता है तो उसे डरना नहीं है बल्कि उसका डटकर मुकाबला करना है। इस दौरान उन्होंने 1090, 1098, 181, 112 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। महिला कल्याण अधिकारी प्रिया गुप्ता ने बताया कि यह मिशन शक्ति अभियान शारदीय नवरात्र से प्रारंभ होकर चैत्र नवरात्र तक चलेगा।
जो महिलाओं को उनकी शक्ति याद दिलाते हुए उनके ऊपर होने वाले अत्याचारों का प्रतिकार करने के लिए जागरूक करेगा। कहा कि भारतीय संस्कृति में हमेशा से महिलाओं को शक्ति स्वरूपा माना गया है। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू, डा. संतोष कुमार पांडे, डॉ. मधुबाला सरोजनी, डॉ. एलसी अनुरागी ,डॉ. डीके खरे, डॉ. एसएस राजपूत, डॉ. केसी वर्मा, शैलेश तिवारी के अलावा छात्राएं मौजूद रहीं।
कठिन परिस्थितियों का मुकाबला करें छात्राएं
महोबा। महिला थाना प्रभारी सुषमा चौधरी व एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को जागरूक किया। विभिन्न चौराहों में कालेज व कोचिंग से लौट रहीं छात्राओं को रोककर नारी सम्मान व सुरक्षा की जानकारी दी। कहा कि छात्राएं कठिन परिस्थितियों का डटकर मुकाबला करें। पुलिस प्रशासन उनके साथ है। शहर के जीजीआईसी, रामकथा मार्ग, उदल चौक, प्राइवेट बस स्टैंड, तहसील चौराहा आदि स्थानों पर जाकर छात्राओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी।