महोबा। कोचिंग आने-जाने के दौरान छेड़छाड़ से परेशान छात्राओं ने एक युवक की सरेराह पिटाई कर दी। बाद में आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। शहर के एक मोहल्ला निवासी हाईस्कूल की छात्रा कोचिंग पढ़ने के लिए रामकथा मार्ग स्थित कोचिंग सेंटर जाती है। बीते 15 दिन से युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था। बाइक पीछे लगाकर अभद्र टिप्पणी करने पर छात्रा ने दुर्गा वाहिनी की संयोजिका को पूरा मामला बताया।
बुधवार को दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता आल्हा चौक पहुंची। इस दौरान साइकिल से निकली छात्रा से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। तब छात्रा ने दुर्गा वाहिनी की बालिकाओं के साथ युवक की चौराहे पर ही चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। कोतवाली प्रभारी लाखन सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। छात्राओं की जागरूकता व बहादुरी देखकर लोगों ने सराहना की।