कनकुआ (महोबा)। महोबकंठ थानाक्षेत्र के सौरा गांव में शुक्रवार की सुबह खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से आग लग गई। आग से पांच किसानों की 10 बीघे में लगी गेहूं व पिपरमेंट की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाया। किसानों ने हादसे की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दी है।
सौंरा गांव निवासी रामेश्वर कुशवाहा, लीलाधर, बाल मुकुंद, दयाराम कुशवाहा और रमेश सोनी के खेत अगल-बगल हैं। चार किसानों के खेतों में गेहूं की फसल पकी खड़ी थी। बालमुकुंद के खेत में पिपरमेंट लगा था। सुबह हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से निकली चिंगारी से खेतों में आग लग गई। आग ने आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। लपटे देख किसान फौरन मौके पर पहुंचे और आसपास स्थित पंपिंग सेट चलाकर दो घंटे में आग पर काबू पाया। आग से पांचों किसानों की करीब 10 बीघा की फसल जलकर राख हो गई। खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से आए दिन घटनाएं होने से किसानों में आक्रोश है।