महोबा। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के सिरमौर गांव में शुक्रवार रात एक महिला का शव घर में फंदे पर लटकता मिला। पिता ने दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजनों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
श्रीनगर थानाक्षेत्र के सिजहरी गांव निवासी चरन सिंह ने बताया कि उन्होंने पुत्री पुष्पा की शादी 30 अप्रैल 2015 को सिरमौर गांव निवासी सुदर्शन के साथ की थी। शादी के समय मांग के अनुसार भरपूर दहेज दिया था। शादी के बाद से ससुरालीजन बाइक व 80 हजार रुपये की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करने लगे। इससे परेशान होकर उसकी पुत्री घर आ गई थी।
17 जून को दोनों पक्षों के बीच वार्ता होने के बाद बेटी को दामाद के साथ ससुराल भेजा था। आरोप लगाया कि रात में ही ससुरालीजनों ने पुष्पा की हत्या कर दी और शव को फंदे पर लटका दिया। उन्होंने बताया कि ससुरालीजनों की प्रताड़ना की शिकायत पूर्व में महिला हेल्पलाइन नंबर पर की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला का एक तीन वर्ष का पुत्र प्रांशू है। पिता ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ श्याम प्रताप पटेल का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।