महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में मां-बेटी समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
थाना श्रीनगर के तिंदौली गांव निवासी जगदेव (42) पत्नी सावित्री (40) और पुत्री अनन्या (02) के साथ बाइक से किसी कार्य से महोबा आ रहे थे। रास्ते में अचानक आए अन्ना मवेशियों को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे सावित्री और अनन्या को गंभीर चोटें आईं, जबकि जगदेव को मामूली चोटें आईं।
इसी तरह पसवारा निवासी जगदीश (26), बगरौन चरखारी निवासी शुकुल (50), रामनगर निवासी रामदेवी (55), मझलवारा निवासी श्यामलाल (19), मुढ़ारी निवासी सुनील (08), प्रेमनगर निवासी गोटीराम (65) व रैपुरा निवासी अखिलेश (20) अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अनन्या, जगदीश, रामदेवी और सुनील की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया है।