खन्ना (महोबा)। मां बेटी को घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देना एक दरोगा को मंहगा पड़ गया। पुलिस द्वारा पीड़ित महिला की रिपोर्ट दर्ज न करने के बाद न्यायालय के आदेश पर थाना खन्ना में दरोगा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
थाना खन्ना के ग्राम पचपहरा में 4 जून को शांति देवी पत्नी रमेश के घर में घुसकर एसआई ब्रजेश यादव द्वारा मारपीट करने और जान से मारने की धमकी दी गई थी। महिला की पिटाई के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने थाना खन्ना पहुंची पीड़िता को पुलिस ने बिना रिपोर्ट दर्ज किए भगा दिया था। इसके बाद महिला ने रजिस्टर्ड डाक द्वारा पुलिस अधीक्षक सहित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा था, इसके बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़िता ने 156(3) के तहत वाद दायर किया। एडीजे विजयशंकर उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआई ब्रजेश यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। अदालत के आदेश पर मंगलवार को एसआई के खिलाफ थाना खन्ना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। थाना प्रभारी एसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए एसआई के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर लीग गई है। प्रकरण की विवेचना एसआई प्रेमनारायण द्वारा की जा रही है।