तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में बिजली, पानी का मुद्दा छाया रहा। नागरिकों और ग्रामीणों ने पानी की समस्या के बाबत शिकायती पत्र देकर पेयजल आपूर्ति नियमित कराए जाने की मांग की। वहीं रात में हो रही बिजली कटौती का समय बदले जाने की भी मांग की गई।
गौरहारी निवासी अंखड भारत मिश्रा ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव के सभी हैंडपंपों में खारा पानी आ रहा है। जिससे ग्रामीणों को एक-एक किलोमीटर दूर से कुओं व हैंडपंपों से पानी लाना पड़ता है। उन्होंने गांव में पानी की टंकी बनाए जाने की मांग की है। खरेला निवासी रवींद्र सिंह, रोशन सिंह, वीर सिंह ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि आधे कस्बे में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे बूंद-बूंद पानी के लोगों को भटकना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द ही पानी की आपूर्ति कराए जाने की मांग की है। भैरोगंज निवासी नईम खां, सईद सौदागर, तुर्कियाना निवासी मोहम्मद जमील ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 18 जून से रोजे शुरू हो रहे हैं। रात में 1 बजे से 4 बजे तक की जाने वाली बिजली कटौती से शहरी के समय असुविधा होगी, इसलिए शहरी के समय बिजली कटौती न किए जाने की मांग की है। सूपा निवासी ललती ने बताया है कि अपात्र लोगों को समाजवादी पेंशन दी जा रही है, जबकि पात्रों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। अमरगंज निवासी कल्लू खां ने बताया कि अमरगंज मुहल्ले की पाइप लाइन काट दी गई है, जिससे पानी की आपूर्ति ठप है। खरेला के पठा निवासी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि लेखपाल सर्वे न करके प्राइवेट लोगों से खेतों का सर्वे करा रहे हैं जिससे किसानों को उनका हक मिलने में अंदेशा है। शबाना पुत्री इसरार खां की चार साल पहले तलाक हो गया था। शबाना विकलांग और विधवा होने के बाद भी समाजवादी पेंशन के लिए चयन नहीं किया गया। भैरोगंज की महरुन निशा ने शिकायती पत्र में बताया कि लेखपाल खसरे में ट्यूबवेल नहीं दर्शा रहा है। इस मौके पर जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह, पुलिस अधीक्षक केके गहलोत, मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण, उपजिलाधिकारी नन्हकू, समाज कल्याण अधिकारी अर्चना शर्मा, जल निगम के अधिशाषी अभियंता सुनील कुमार तिवारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।