ओपीडी में मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों को देखते चिकित्सक।
- फोटो : ओपीडी में मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों को देखते चिकित्सक।
महोबा। जिले में भीषण ठंड से सांस और अस्थमा रोगियों की दिक्कतें बढ़ गई है। दवाइयों के सेवन के बाद भी रोगियों की खांसी नहीं रुक रही है। इससे उनमें सांस फूलने की समस्या आ रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 100 मरीज इस तरह की परेशानी लेकर आ रहे हैं। ऐसे में चिकित्सक मरीजों को नियमित व्यायाम व संतुलित आहार अपनाने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल की सुबह आठ बजे से ओपीडी खुलते ही मरीज की भीड़ जुटी। शुक्रवार को ओपीडी में 530 मरीज आए। जिनमें से 100 मरीज खांसी और अस्थमा से पीड़ित मिले। मरीज दुर्गा, चंदादेवी और रामकिशोर ने बताया कि सर्दी से खांसी नहीं रुक रही है।
डॉ. गुलशेर अहमद ने बताया कि प्रतिदिन 100 रोगियों में खांसी की दिक्कत आ रही है। अचानक परेशानी होने पर अस्थमा जैसे लक्षण लग रहे हैं। बताया कि भीषण ठंड सांस व अस्थमा के रोगियों को सबसे ज्यादा परेशान करती है।
इनमें खांसी तेज व सांस फूलने की समस्या आ रही है। डॉ. राजेश भट्ट ने बताया कि सर्दी में अस्थमा मरीज को सांस लेने में दिक्कत काफी होती हैं। इससे उनकी खांसी नहीं रुक रही और उनकी सांस फूल रही है।