महोबा। कोरोना से चल रही जंग में टीकाकरण पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरा जोर लगा रहा है। टीकाकरण में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए अभिभावक विशेष सत्र की तर्ज पर महिला स्पेशल सत्र चलाया गया। जिले में दो केंद्रों में 18 से 44 वर्ष और 45 पार महिलाओं को टीके लगाए गए। यहां प्रत्येक सत्र में 50 का लक्ष्य था।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. जीआर रत्मेले का कहना है कि शहर के वीरभूमि डिग्री कालेज व चरखारी ने महिलाओं के लिए विशेष सत्र चलाया जा रहा है। दोनों केंद्रों में दो-दो बूथ बनाए गए हैं। यहां एक में 18 से 44 और दूसरे में 45 पार उम्र वर्ग की महिलाओं को टीका लगाया गया।
दोनों केंद्रों में लक्षित 200 महिलाओं में 60 ने टीका लगवाकर अपनी भागीदारी निभाई। उन्होंने बताया कि कोरोना जांच और टीकाकरण को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा सुबह शाम समीक्षा की जाती है।
जिले में बीते 16 जनवरी से कोविड टीकाकरण शुरू किया गया। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया। इसके तहत लिए जिले में कुल 3054 स्वास्थ्य कर्मी व 5059 फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण हुआ है। 45 पार आयुवर्ग वाले 87914 लोगों का टीकाकरण हुआ। अब पहली जून से 18-44 वर्ष के लोगों के टीकाकरण के लिए अभियान चलाया जा रहा है।