महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दूसरे घायल वृद्ध की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हेलमेट न लगाए होने के कारण बाइक सवार से सिर पर गंभीर चोट आने से मौत होने का जिक्र है। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत छह लोग घायल हुए हैं।
कानपुर-सागर हाईवे में सूरा चौकी के समीप दो लोगों के सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस व 108 नंबर एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई जबकि वृद्ध की हालत नाजुक बनी है। आशंका जताई जा रही है कि कोई वाहन बाइक सवार युवक व वृद्ध को टक्कर मारते हुए निकल गया। जिससे दोनों के सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुट गई है।
अन्य दुर्घटनाओं में पठा गांव निवासी सुंदर अहिरवार (45) अपने साथी ज्वाला प्रसाद सेन (50) व कांशीराम (22) के साथ बाइक से किसी कार्य से महोबा आ रहा था। तभी रास्ते में अन्ना पशु को बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे तीनों घायल को गए। इसी तरह मवईखुर्द गांव निवासी मानकुंवर (50), सलैया पनवाड़ी निवासी धर्मेंद्र (28) व जनपद झांसी के बड़ागांव निवासी दीपक (30) सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।