महोबा। जिले में गुरुवार को फ्रंट लाइन वर्करों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। जिला अस्पताल व जैतपुर, पनवाड़ी, चरखारी व कुलपहाड़ सीएचसी में बनाए गए केंद्रों में 1284 के सापेक्ष 966 फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन लगाई गई।
पनवाड़ी सीएचसी में 200 लोगों को टीका लगाया जाना था। इसमें पुलिस व सफाई कर्मचारियों को मिलाकर 160 लोगों को टीका लगाया गया। सीएचसी जैतपुर में अजनर व कुलपहाड़ थाने के 146 में से 93 पुलिसकर्मियों को टीका लगाया गया। कुलपहाड़ सीएचसी तहसील के नजारत विभाग में तैनात महिला कर्मचारी कलावती को पहला टीका लगाया गया।
इसके बाद एडीओ पंचायत कमलेश अनुरागी को टीका लगाया गया। इस दौरान 50 से अधिक फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगाया गया। इसी तरह चरखारी सीएचसी में भी टीकाकरण हुआ।
सीएमओ डॉ.एमके सिन्हा ने चरखारी सीएचसी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। व्यवस्थाओं ठीक मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुमार, डॉ. विनय पटेल, डॉ. एकता वरसैया, डॉ. आनंद राजपूत मौजूद रहे।