आइसोलेशन वार्ड में बनाया गया कोरोना सैंपल कलेक्शन बूथ
- फोटो : MAHOBA
महोबा। महोबा जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए कोरोना सैंपल कलेक्शन सेंटर बनाया गया है। इसके बाद से यहां पीपीई किट के वेस्टेज में कमी आई है। अभी तक यहां 71 मरीजों के सैंपल लिए जा चुके हैं। कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि एल्युमीनियम शीट से तैयार यह बूथ एयरटाइट है। बूथ के बाहर की ओर दो कृत्रिम हाथ बनाए गए हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी बूथ में बैठकर कृत्रिम ग्लब्स पहनकर कोरोना संदिग्ध का सैंपल ले रहे स्वास्थ्य कर्मी को सैंपल लेते समय पीपीई किट पहनने की आवश्यकता नहीं होती है।
सीएमओ डॉ. गुलशेर अहमद ने बताया कि यह तरीका काफी कारगर है। कलेक्शन सेंटर के जरिए 68 सैंपल लिए जा चुके हैं। 60 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। जरूरत पड़ने पर इसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर भी ले जाया जा सकता है।
जिला अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में 14-14 सदस्यीय दो टीमें लगी हैं। टीम-ए में डॉ. गुलशेर अहमद, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह व डॉ.आदेश कुमार सक्सेना सहित तीन नर्स, दो फॉर्मासिस्ट, तीन वार्ड ब्वाय तथा तीन स्वीपर शामिल हैं। इसी तरह टीम-बी में डॉ. नरेंद्र सिंह, अनुराग पुरवार व डॉ. रोहित सोनकर समेत तीन नर्स, दो फॉर्मासिस्ट, तीन वार्ड ब्वाय और तीन स्वीपर को तैनात किया गया है।