एसबीआई बैंक के निरीक्षण में निर्देश देते डीएम व एसपी
- फोटो : MAHOBA
महोबा। कोरोना को लेकर लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने और व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए बुधवार को डीएम अवधेश कुमार तिवारी व एसपी मणिलाल पाटीदार ने शहर के बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र व कांशीराम कालोनी में राशन वितरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए। एसपी ने कहा लॉकडाउन के दौरान बेवजह घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
डीएम व एसपी ने परमानंद चौराहा स्थिति स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा का निरीक्षण किया। बैंक में बड़ी संख्या में भीड़ पाए जाने पर सभी बैंक कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक दूरी बनाए रखे।
उन्होंने बैंक आने वाले लोगों से भी अपील किया कि बहुत ज्यादा जरूरी होने पर ही बैंक, एटीएम व ग्राहक सेवा केंद्रों पर पैसा निकालने के लिए जाएं। उन्होंने सख्ती दिखाते हुए कहा व्यापारी आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी व कालाबाजारी करने से बचें। अन्यथा संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कांशीराम कालोनी में राशन वितरण केंद्र का निरीक्षण भी किया।
कृषि उपकरणों की दुकानें खुलेंगी
महोबा। इस समय रबी फसलों की कटाई, मड़ाई का सीजन है। डीएम अवधेश कुमार तिवारी ने बताया लॉकडाउन की स्थिति में कृषि कार्यक्रमों के साथ रबी फसलों की कटाई व जायद की बुवाई के संबंध में कृषि व सहवर्ती उपकरणों की दुकान, सर्विस सेंटर, स्पेयर पार्ट की दुकानों को खोले रखने की छूट दी गई है। इसका उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी व जिला पूर्ति अधिकारी को अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं।