महोबा। डीएम मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों के संबंध में सीएम डैशबोर्ड की विभिन्न योजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बताया कि नवीन जेल के निर्माण का काम मार्च 2025 में पूरा होगा।
बैठक में डीएम ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर निर्माण कार्य की कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि जल्द चाहरदिवारी का कार्य पूरा कराया जाए। बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पनवाड़ी, चरखारी, कबरई व जैतपुर में निर्माण कार्य 90 फीसदी पूरा कर लिया गया है। माह नवंबर में चारों बिल्डिंगों को हैंडओवर किया जाएगा।
नवीन जिला कारागार निर्माण कार्य 50 फीसदी पूरा हो गया है। मार्च 2025 तक यह काम को पूरा कर लिया जाएगा। चरखारी नगर पुनर्गठन पेयजल योजना में 81 फीसदी काम को पूरा कर लिया गया है। माह जून 2025 तक इस काम को पूरा कर लिया जाएगा।
डीएम ने पुलिस आवास परियोजना में जल्द बिजली कनेक्शन देने को कहा। गोरखगिरि पर्वत में चल रहे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। कबरई-कुनहेटा मार्ग चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य को माह दिसंबर तक पूर कराया जाए। इस मौके पर सीडीओ हरेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. आशाराम, डीएसटीओ मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)