खरेला (महोबा)। गोशालाओं व सड़कों पर अन्ना घूम रहे पशुओं को गोद लेकर उनकी सेवा करने के लिए सजग लोगों ने अपने हाथ आगे बढ़ाए हैं। नगर पंचायत प्रशासन व पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में शुक्रवार को गोशाला में पल रहे 9 गोवंशों को जागरूक ग्रामीणों ने गोद लिया। लोग इस पशु प्रेम की सराहना कर रहे हैं। एक ओर जहां पशुओं को खुला छोड़ रहे हैं, वहीं कुछ जागरूक ग्रामीणों ने उन्हें पालने की मुहिम शुरू की है।
खरेला के मजरा टिकरी में गोशाला संचालित है, जहां दो सैकड़ों से अधिक गोवंशों के खानपान की व्यवस्था की जा रही है। खरेला कस्बे के जयहिंद, मन्नूलाल, संतोष, बच्चा सिंह, भागवत, शिवरतन सहित नौ लोगों ने स्वेच्छा से गोवंश गोद लेने को नगर पंचायत में आवेदन दिया। शुक्रवार को जागरूक लोग टिकरी गोशाला पहुंचे। जहां पशुपालन विभाग की टीम ने पशुपालकों की मौजूदगी में गोवंश के सेहत की जांच की। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पशु चिकत्साधिकारी एसपी राजपूत, लिपिक महेंद्र श्रीवास्तव की मौजूदगी में ग्रामीणों को गोवंश सौंपे गए। गोवंशों को गोद लेने वाले लोगों में उनकी बेहतर देखरेख व खानपान की व्यवस्था करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान ईओ ने गोशाला के चल रहे निर्माण और गोशाला की देखरेख में लगे कर्मियों की व्यवस्था को परखा।