तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता
- फोटो : MAHOBA
महोबा। यूरिया खाद की कमी और अन्ना पशुओं की समस्या को लेकर बुधवार को कांग्रेसियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में बताया कि उत्तर प्रदेश में यूरिया की भारी किल्लत है। किसानों के लिए अन्ना पशुओं की समस्या विकराल होती जा रही है। कांग्रेसियों ने समस्याओं का शीघ्र ही निराकरण कराने की मांग की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य कुंवर राकेश सिंह व पूर्व वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष अजीज खां के नेतृत्व में तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि यूरिया खाद न मिलने से किसान समय से खेतों में छिड़काव नहीं कर पा रहे हैं। सरकार की सहकारी समितियों व खुले बाजार में पर्याप्त मात्रा में यूरिया नहीं मिल रही है। इससे किसान यूरिया खाद के लिए इधर-उधर भटक रहा है।
ज्ञापन में बताया कि अन्ना पशुओं ने किसानों की रातों की नींद हराम कर दी है। खरीफ की फसल बचाने के लिए किसान रात को जागकर फसल की रखवाली कर रहे हैं। अन्ना पशुओं को गोशालाओं में नहीं रखा जा रहा है। ज्ञापन देने वालों में अब्दुल रहमान, हासिम परवेज, संतोष कुमार घुरिया, हरगोविंद व अनिल कुमार मौजूद रहे।