कुलपहाड़ (महोबा)। तहसील कुलपहाड़ में सोमवार को आयोजित जिलास्तरीय समाधान दिवस में भूमि पर कब्जों से संबंधित शिकायतें सर्वाधिक रहीं। कई फरियादी ऐसे पहुंचे, जो पूर्व में कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। समाधान दिवस में आईं 55 शिकायतों में महज तीन का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
एडीएम कुंवर पंकज की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ जुटी। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि एक सप्ताह के अंदर हर हाल में निस्तारण कराया जाए। शिकायतकर्ता ईश्वरदास ने पैमाइश कराने, भगवान सिंह पनवाड़ी ने खतौनी में नाम दर्ज कराने, कृष्ण गोपाल कुलपहाड़ ने किसान सम्मान निधि का पैसा व वृद्धा पेंशन भेजे जाने, महेंद्र कुमार लेवा ने बिजली लाइन से खड़ी गन्ने की फसल जलकर बर्बाद होने पर मुआवजा दिलाने की मांग की। इस मौके पर एसपी प्रबल प्रताप सिंह, तहसीलदार प्रमित सचान, नायब तहसीलदार अभिषेक मिश्रा, नायब तहसीलदार पंकज गौतम, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी, पूर्ति निरीक्षक राजेश वर्मा, एसडीओ बिजली प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
फरियादियों ने बताई हकीकत
जगपुरा बुजुर्ग गांव के गजेंद्र अहिरवार ने बताया कि वह पहले दो बार शिकायत कर चुके हैं। उनके पिता मानिकचंद्र एक फरवरी को मकान निर्माण करते समय गिर गए थे, इससे उनका निधन हो गया था। तब से वह मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर रहा है लेकिन प्रमाण पत्र जारी नहीं हो रहा है।
नैपुरा गांव के संतोष ने बताया कि वह पहले भी तीन बार शिकायतें दे चुका है लेकिन उसकी समस्या नहीं हल हो रही है। उसके बेटे के नाम पर जमीन है। जिस पर विपक्षी निर्माण कर रहे हैं। वह शिकायत करता है तो काम बंद हो जाता है और इसके बाद फिर से विपक्षी निर्माण शुरू कर देते हैं। उसने जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की है।