तहसील में प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
विकासखंड कबरई के ग्राम पवा में किसानों को आज तक सूखा राहत व अतिवृष्टि का मुआवजा नहीं मिला है। मुआवजे के बदले लेखपाल पैसे की मांग कर रहा है। मंगलवार को ग्रामीणों ने तहसील पहुंच कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर 10 दिन के अंदर मुआवजा न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम पवा निवासी प्रेमचंद्र, बाबूलाल, मुन्ना, पुरुषोत्तम, भवानदीन, बृदावन, नथुआ, प्रमोद, घासीराम, पवन, रमेश सहित अन्य ग्रामीणों ने तहसील पहुंच कर जमकर प्रदर्शन किया। उपजिलाधिकारी नंहकू को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि सरकार मुआवजे की राशि अन्य गांवों में बांट चुकी है, लेकिन पवा गांव के एक भी किसान को सूखा राहत का मुआवजा नहीं मिला है। आरोप लगाया कि लेखपाल किसानों से सूखा राहत के मुआवजे के नाम पर पैसे की मांग कर रहा है। पैसा न देने पर किसी भी प्रकार की राहत न मिलने की धमकी दी है। किसानों ने 10 दिन के अंदर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। कहा अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगे। एसडीएम ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।