स्थापना दिवस पर वाणिज्य कर कार्यालय में लगा ताला
- फोटो : अमर उजाला
असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर की मनमानी के चलते रविवार को वाणिज्य कर कार्यालय महोबा में आदेश के बाद भी वाणिज्य कर स्थापना दिवस नहीं मनाया गया। इससे व्यापारियों में खासा असंतोष है।
प्रदेश के वाणिज्य कर कमिश्नर ने सभी जिलों के व्यापार कर कार्यालय में 26 फरवरी को वाणिज्य कर स्थापना दिवस मनाने के आदेश थे। बताया जाता है कि झांसी ललितपुर सहित कई जिलों में रविवार होने के बाद भी व्यापार कर कार्यालय खुलवाकर स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए लेकिन असिस्टेंट कमिश्नर महोबा की मनमानी के चलते न तो व्यापार कर कार्यालय खुलवाया गया और न ही स्थापना दिवस की सूचना व्यापारियों और अधिवक्ताओं को दी गई। स्थापना दिवस पर व्यापारियों को सम्मानित किया जाना था, लेकिन कार्यक्रम न होने से किसी भी व्यापारी को सम्मानित होने का मौका नहीं मिला।
अधिवक्ता बृजेंद्र गुप्ता, प्रभात तिवारी, प्रदीप गुप्ता, धीरज गुप्ता, हृदेश गुप्ता ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर शासन के आदेश के बाद भी स्थापना दिवस न मनाने की बाबत अवगत कराया है। इस संबंध में वाणिज्य कर असिस्टेंट कमिश्नर अरविंद पांडेय का कहना है कि वाणिज्य कर स्थापना दिवस के मौके पर वे जिला मुख्यालय में नहीं थे। इस कारण स्थापना दिवस नहीं मनाया गया। लौटकर आने पर वाणिज्य कर स्थापना दिवस मनाया जाएगा। उनका कहना है कि उन्हें स्थापना दिवस मनाने की बाबत कमिश्नर का पत्र मिल चुका है।