मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जिले को सोलर विद्युत प्लांट का तोहफा तो दे गए लेकिन उनके द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं को भूला देने से लोग मायूस हो गए।
मुख्यमंत्री बनने के बाद 18 जून 2013 को जिले में पहली बार आए अखिलेश यादव ने श्रीनगर बड़ी ग्राम पंचायत को ब्लाक का दर्जा और पनवाड़ी और जैतपुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा की थी।
लेकिन इन घोषणाओं पर कोई अमल नहीं हो सका। डेढ़ साल बाद पुन: मुख्यमंत्री के महोबा आगमन पर इन गांवाें के बाशिंदे इन वादों के पूरा होने की उम्मीद लगाए थे लेकिन मुख्यमंत्री के इसका जिक्र तक न करने से उन्हें निराशा हुई।
वहीं कजली मेला और चरखारी के गोवर्धन मेले को राजकीय मेला घोषित करने की घोषणा पर भी कोई मुहर नहीं लगी। इन मेलों में न तो सरकार से कोई धन मिल रहा है और न कोई मदद। इसी तरह नई घोषणाओं के लिए भी लोग बड़ी उम्मीद लगाए थे।