पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी के काजीपुरा में स्थापित ट्रांसफार्मर से निकली बिजली लाइन का तार टूटकर दूसरे तार पर गिरने से गुरुवार को उपभोक्ताओं के घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। इससे लोगों के लाखों रुपये कीमत के विद्युत उपकरण फुंक गए। घटना से उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
काजीपुरा स्थित ट्रांसफॉर्मर से मुख्य बाजार, बनियाटपुरा, शेखनपुरा व काजीपुरा में बिजली आपूर्ति होती है। सुबह के समय ट्रांसफॉर्मर से निकली लाइन का तार टूटकर दूसरे तार में गिर गया। जिससे हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। घटना में उपभोक्ताओं के पंखे, कूलर, टीवी, फ्रिज, मोबाइल चार्जर, इनवर्टर, एलईडी आदि विद्युत उपकरण फुक गए। उपभोक्ता जमाल, अनवर, शरीफ, नफीस, पप्पू, आनंद, मनोज, रसूल, जयप्रकाश समेत दर्जनों उपभोक्ताओं को बिजली के उपकरण फुकने से हजारों का नुकसान हुआ।
घटना की सूचना पीड़ितों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को देते हुए क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है। उधर विद्युत विभाग के अवर अभियंता देवकीनंदन का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर से निकले जम्फर का तार टूटने से तेज वोल्टेज आया। उपकरण फुंकने की जांच कराई जा रही है।