महोबा/चरखारी। शनिवार को जिले की सभी कोतवाली व थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। थाना पनवाड़ी में डीएम मनोज कुमार व एसपी सुधा सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। सभी थानों में आईं 79 शिकायतों में से महज 11 मौके पर निस्तारण हो सका।
चरखारी संवाद के अनुसार एसडीएम अरुण दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में 14 शिकायतें आईं। चार शिकायतों का निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण को लेकर पुलिस व राजस्वकर्मियों की टीम मौके पर भेजी गई। इस मौके पर प्रशिक्षु सीओ संगम कुमार, कोतवाली प्रभारी उमापति मिश्र के अलावा लेखपाल मौजूद रहे। कुलपहाड़ संवाद के अनुसार एसडीएम पीयूष जायसवाल की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुुआ। 19 शिकायतों में भूमि संबंधी दो मामलों का निस्तारण किया गया। इस मौके पर कोतवाल उमेश कुमार, एसएसआई सुनील कुमार मिश्रा के अलावा चकबंदी व राजस्व लेखपाल मौजूद रहे। श्रीनगर संवाद के अनुसार तहसीलदार बालकृष्ण सिंह व सीओ चरखारी तेज बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में चार शिकायतें आईं लेकिन एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।