बैठक में जानकारी देते जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार
- फोटो : MAHOBA
महोबा। शासन के निर्देश पर महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए विशेष अभियान चलाने व कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें डीएम ने महिलाओं से संबंधित जागरूकता अभियान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अफसरों को जिम्मेदारी दी। कहा कि कोरोना महामारी की गाइड लाइन के अनुसार कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में 17 से जागरूकता कार्यक्रम होगा। जिसमें मिशन शक्ति व पुलिस विभाग की योजनाओं का लोकार्पण, 18 को लैंगिक हिंसा की रोकथाम, 19 को शक्ति परी व पीड़ित को सामाजिक प्रतिष्ठा दिलाना कार्यक्रम, 20 को शिक्षकों द्वारा विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और 25 को थानों पर महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसमें महिलाओं की सुरक्षा व उनके अधिकारों के प्रति उन्हें जागरूक किया जाएगा। डीएम ने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता में है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ हीरा सिंह, परियोजना निदेशक डीएन पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधीर त्यागी, एसीएमओ डा. सुरेंद्र कुमार, उप निदेशक कृृषि जी. राम, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी आदि अधिकारी मौजूद रहे।