कबरई में दंगल में दांवपेंच दिखाते पहलवान
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा कबरई के सिद्वबाबा धाम में चल रहे मेले में आयोजित दो दिवसीय दंगल का गुरुवार को समापन हो गया। इसमें पहलवानों के दांवपेंच देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ जुटी रही। समापन के मौके पर विजेता पहलवानों को शील्ड व नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया। वहीं विकासखंड कबरई के गांव पिपरामाफ में आयोजित दंगल में नामी गिरामी पहलवानों ने दांवपेंच दिखाए।
सिद्वबाबा धाम में चल रहे दंगल में गुरुवार को एक दर्जन से अधिक कुश्तियां हुई। बांदा के पहलवान इजराइल ने मथुरा के राहुल को एक बार में ही चित कर कुश्ती जीत ली। बनारस के पहलवान राय साहब ने मथुरा के शिव विलास को पटकनी दी। वही मथुरा के झब्बू पहलवान ने ग्वालियर के छोटू पहलवान को हराकर जीत दर्ज की। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। विजेता पहलवानों को समिति की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर शिवपाल तिवारी, देवेंद्र शुक्ला, जयवंत सिंह, कुट्टू महाराज, गोपाल दत्त पांडेय, कंधी यादव के अलावा सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे।
श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामदयाल नरवरिया ने जालौन के प्रमोद पहलवान और महोबा के कौशल पहलवान के हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ कराया। कुश्ती में महोबा के कौशल ने जालौन के प्रमोद को हराया जबकि राजू पहलवान ने बबलू को चित किया। वहीं आधा दर्जन कुश्तियां बराबरी पर छूटीं।