पनवाड़ी (महोबा)। थाना क्षेत्र के स्योढ़ी गांव में शुक्रवार रात को एक मकान से चोर 80 हजार की नगदी समेत लाखों रुपये के जेवर ले गए। घटना के समय घर के लोग छत पर सो रहे थे। पीड़ित ने पुलिस को चोरी की तहरीर दी है।
पनवाड़ी थाना क्षेत्र के स्योढ़ी गांव निवासी मोहर सिंह यादव किसान हैं। उनकी दोनों बेटियां इस समय मायके में ही हैं। शुक्रवार रात मोहर सिंह के घर के लोग खाना खाने के बाद बिजली न आने के चलते छत पर सो गए। सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उन्हें कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। पीड़ित ने बताया कि चोर मकान से 80 हजार रुपये की नगदी, दोनों बेटियों व पत्नी के जेवर समेत अन्य कीमती सामान ले गए हैं। पीड़ित ने तीन लाख से अधिक का माल चोरी किए जाने की तहरीर थाने में दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच में जुट गई है।
कुलपहाड़। कोतवाली क्षेत्र के सुगिरा गांव में मकान के बाहर बंधी दो बकरियां चोरों ने पार कर दी। गांव निवासी मोतीलाल यादव ने बताया कि शनिवार रात को उसकी दो बकरियां घर के बाहर बंधी थी। सुबह जागने पर दोनों बकरियां गायब मिली। पशुपालक ने गांव में खोजबीन की लेकिन बकरियां नहीं मिली। पीड़ित ने कोतवाली में बकरी चोरी की तहरीर दी है। (संवाद)