कबरई (महोबा)। थाना कबरई के सुनैचा गांव में एंबुलेंस के आने में देरी से होने से रास्ते में किसान की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर उच्चाधिकारियों से मामले की शिकायत की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा है।
खन्ना थाना क्षेत्र के ग्योड़ी गांव निवासी कामता प्रसाद अहिरवार करीब चार बीघा भूमि में खेती किसानी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। एक वर्ष पहले खेती में उचित पैदावार न होने पर वह सुनैचा गांव में अपनी ससुराल में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था और गांव में खेती कराता था। कामता के तीन पुत्र व एक पुत्री की शादी हो चुकी है जबकि सबसे छोटे पुत्र मुकेश की 20 जून को शादी तय है। जिसको लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। मुकेश ने बताया कि रविवार की सुबह करीब दस बजे सीने में दर्द होने पर कामता प्रसाद की हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर गए। तब परिजनों ने 108 नंबर एंबुलेंस को फोन किया लेकिन दोपहर 12 बजे पहुंची एंबुलेंस कामता प्रसाद को सीएचसी कबरई ले जाने लगी लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के पुत्र रमेश व पत्नी श्यामबाई का आरोप है कि एंबुलेंस सूचना के दो घंटे बाद आई। यदि समय से एंबुलेंस आती तो जान बच सकती थी। इस दौरान परिजनों ने हंगामा काटते हुए सीएमओ समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही।
उधर सीएचसी कबरई के प्रभारी अधीक्षक डॉ. अमित पांडेय का कहना है कि एंबुुलेंस का संचालन एक प्राइवेट कंपनी कराती है। सीएमओ स्तर से मामले की जांच कराई जाएगी।