- रचनात्मक, व्यावहारिक व ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से सीखने पर रहेगा जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब शनिवार को पढ़ाई के साथ मनोरंजन और हुनर सीखने का मौका मिलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए दस बिना बैग वाले दिनों का कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत प्रत्येक शनिवार को बच्चों को स्कूल बैग लेकर नहीं आना होगा। विद्यालयों में मस्ती की पाठशाला लगाकर विभिन्न रचनात्मक, व्यावहारिक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से सीखने पर जोर दिया जाएगा। इसको लेकर स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने निर्देश जारी किए हैं।
जनपद में 840 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें करीब 80 हजार बच्चे अध्ययनरत हैं। कैलेंडर के अनुसार 22 अगस्त को मिट्टी के खिलौने बनाने, कौशल कार्यशाला या कला-शिल्प प्रदर्शनी होगी। 29 अगस्त को औषधीय पौधों का उद्यान, कंपोस्ट या किचन गार्डन तैयार कराया जाएगा। 12 सितंबर को जल संरक्षण व वर्षा जल संचयन, 19 सितंबर को गुड टच-बैड टच और स्वास्थ्य सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। 26 सितंबर को पतंग बनाने-उड़ाने के साथ विज्ञान व स्टेम मॉडल प्रतियोगिता होगी।
तीन अक्तूबर को वित्तीय साक्षरता और मिनी बैंक गतिविधि, 10 अक्तूबर को डूडलिंग, भित्ति चित्र, संगीत या नाटक, 17 अक्तूबर को फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 24 अक्तूबर को निर्माण स्थल व सार्वजनिक अवसंरचना का अध्ययन और 31 अक्तूबर को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स व नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। 14 नवंबर को बाल मेला आयोजित होगा। इसका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और नई तकनीक के प्रति रुचि विकसित करना है।