संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों को बाल सेवायोजना कोविड के तहत दिवाली का तोहफा मिलने जा रहा है। जिले में ऐसे 32 बच्चों को योजना से लाभांवित करने के लिए जिले में 7.68 लाख रुपये का बजट आवंटित हो गया है। अब ट्रेजरी के माध्यम से इन बच्चों के खातों में चार हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से छह माह की आर्थिक मदद एक सप्ताह के अंदर भेज दी जाएगी।
दो वर्ष पहले कोरोना के दौरान जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण अंचलों के 32 बच्चे अनाथ हो गए थे। उनके अभिभावक की वैश्विक महामारी कोरोना की चपेट में आने से असमय मौत हो गई थी। ऐसे बच्चों को आर्थिक मदद के लिए शासन की ओर से बाल सेवा योजना कोविड का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत कोरोना काल के दौरान अनाथ हुए प्रत्येक बच्चे को चार हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से आर्थिक मदद मुहैया कराई जाती है।
शासन की ओर से जिला कार्यक्रम कार्यालय को इन बच्चों को छह माह की आर्थिक मदद मुहैया कराने के लिए 7.68 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी हर्षवर्धन नायक ने बताया कि बाल सेवा योजना का बजट आवंटित हो गया है। एक सप्ताह के अंदर लाभार्थी बच्चों के खातों में यह रकम भेज दी जाएगी।
-
ये है बाल सेवा योजना कोविड
महोबा। इस योजना के तहत न केवल कोविड में अनाथ हुए बच्चों को आर्थिक मदद दी जाती है बल्कि उनकी पढ़ाई तक का खर्चा भी सरकार की ओर से उठाया जाता है। बाल सेवायोजना कोविड के तहत बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपये के हिसाब से आर्थिक मदद किए जाने का प्रावधान है।