महोबा। मानव कल्याण विकासवादी संस्था के संचालक को पुलिस ने एक सैकड़ा युवाओं से नौकरी केे नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। एक पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छल कपट व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना पनवाड़ी के ग्राम किल्हौवा निवासी चंद्रशेखर द्वारा एक वर्ष पहले बुंदेलखंड के विभिन्न जनपदों में मानव कल्याण विकासवादी संस्था का संचालन शुरू किया गया। बाकायदा कार्यालय चलाकर युवाओं को नौकरी देने के नाम पर प्रति व्यक्ति 25 से 50 हजार रुपये तक वसूले गए। जिले के सौ से अधिक युवा नौकरी के लालच में संस्था से जुड़ गए। कुछ माह तक संस्था का संचालन ठीक रहा। बाद में संस्था के कार्यालय में ताला लटक गया। तब से पीड़ित युवा संस्था के संचालक की तलाश कर रहे थे।
शनिवार देर शाम संस्था संचालक चंद्रशेखर शहर के एक मॉल में खरीदारी करते देखा गया। नौकरी के नाम पर पैसा गवां चुके युवाओं ने उसे मॉल में घेर लिया और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत ले लिया। पुलिस उसे लेकर कोतवाली आईं। देर रात तक ठगी के शिकार युवाओं की कोतवाली में भीड़ जुटी रही और वे रुपया वापस दिलाने की मांग करते रहे। देर शाम मोहल्ला काजीपुरा निवासी पीड़ित नूर मोहम्मद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चंद्रशेखर के खिलाफ धारा 419, 406 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।