कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मोहारी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में आग से जलकर मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति सहित चार लोगों के विरुद्ध कोतवाली कुलपहाड़ में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम मोहारी निवासी चंदा (24) पत्नी फूलचंद्र रविवार की रात घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। युवती के चीखने चिल्लाने पर परिजन और आस पड़ोस के ग्रामीण दौड़ पड़े और आनन फानन में युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर सूचना मिलने पर मृतका का पिता जैतपुर निवासी हीरालाल ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ कोतवाली कुलपहाड़ में तहरीर दी। पिता ने बताया कि बेटी चंदा की शादी मोहारी निवासी बिहारी के बेटे फूलचंद्र से सात जून 2011 में की थी। दहेज में तीन लाख रुपये नगद, बाइक और जेवरात दिए थे। इसके बाद भी ससुरालीजन आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे। तहरीर के आधर पर पुलिस ने मृतका के पति फूलचंद्र, ससुर बिहारी, जेठ प्रेम और जेठानी कमलेश के विरुद्ध कोतवाली कुलपहाड़ में मुकदमा दर्ज कर लिया है।