विधानसभा चरखारी के उपचुनाव को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए सोमवार को पुरानी ट्रेजरी कार्यालय में मॉक पोल कराया गया। इस दौरान इंजीनियरों की देखरेख में ईवीएम में एक हजार वोट डलवाकर मशीनों को चेक किया गया।
विधानसभा चरखारी के उपचुनाव को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। दिल्ली से आए इंजीनियरों की टीम द्वारा ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग के बाद सोमवार को मॉक पोल कराया गया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया जिन्होंने मॉक पोल के दौरान ईवीएम में वोटिंग की। चुनाव की प्रक्रिया में पारदर्शिता कायम रखने के लिए मॉक पोल के दौरान राजनैतिक दलों के एक-एक सदस्य को बुलाया गया। जिन्हाेंने मॉक पोल के दौरान ईवीएम का बटन दबाकर चेक किया। ईवीएम की गुणवत्ता चेक कर सही मशीनाें को चुनाव के लिए चयनित किया गया। इस मौके पर राहुल गुप्ता, पंकज श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार, अधय सिंह, अनिल कुमार के साथ-साथ भाजपा के नीरज रावत मौजूद रहे।