महोबा। रेलवे स्टेशनों पर कुलियों के पारिश्रमिक शुल्क में संशोधन किया गया है। इसको लेकर उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके तहत अब कुली संशोधित दर के हिसाब से पारिश्रमिक शुल्क ले सकेंगे।
रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि स्टेशनों पर कुलियों की ओर से लिए जाने वाले पारिश्रमिक शुल्क में संशोधन किया गया है। यह दरें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, मुरैना, बांदा, ललितपुर, बबीना, महोबा, चित्रकूटधाम कर्वी, उरई, खजुराहो, दतिया, डबरा, मउरानीपुर, हरपालपुर, कालपी, पुखरायां, अतर्रा, बेलाताल, भरुआ सुमेरपुर, भिंड, घाटमपुर व रागौल रेलवे स्टेशनों पर लागू होंगी। हाथ अथवा सिर पर ढोए जाने वाले भार (37/40 किलोग्राम प्रति चक्कर) के हिसाब से जमीनी स्तर पर ले जाने पर 50 रुपये, एफओबी से होकर ले जाने पर 80 रुपये लगेगा जबकि प्रतीक्षा शुल्क प्रथम 30 मिनट निशुल्क, इसके पश्चात प्रत्येक आधे घंटे 50 रुपये लगेगा। पहिएदार ठेलों की दरें जमीनी स्तर पर ले जाने पर 120 रुपये, एफओबी से होकर ले जाने पर 150 रुपये रहेंगी। बीमार अथवा दिव्यांग व्यक्तियों को ले जाने पर दो कुलियों की जमीनी स्तर पर 120 रुपये, एफओबी से होकर जाने पर 150 रुपये रहेगी जबकि चार कुलियों के साथ व्हीलचेयर/स्ट्रेचर से जमीनी स्तर पर 240 रुपये और एफओबी से होकर जाने पर 290 रुपये रहेगी।