विकासखंड कबरई के ग्राम चांदो में चंद्रावल नहर निकाले जाने और मरम्मत का कार्य किए जाने का विरोध कर रहे किसानों की समस्या सुनने ग्राम चांदो पहंची कमिश्नर कल्पना अवस्थी चौपाल लगाकर किसानों से बात की और उनकी समस्याएं सुनने के बाद गांव से नहर निकलने पर उसके फायदे बताए। इसके बाद चंद्रावल नहर का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
मालूम हो कि ग्राम चांदो से निकली नहर काफी जर्जर हो चुकी है, जिसकी मरम्मत और नहर को आगे तब बढ़ाए जाने का कार्य सिंचाई विभाग द्वारा शुरू कराया जा रहा था, तभी ग्रामीणों नें इसका विरोध शुरू कर दिया गया था। काम न होने की सूचना चित्रकूट धाम मंडल बांदा की कमिश्नर, जिलाधिकारी महोबा वीरेश्वर सिंह सहित उच्चाधिकारियों को दी गई, जिस पर कमिश्नर की अध्यक्षता में शनिवार को ग्राम चांदो में चौपाल लगाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि नहर निकलने से उसकी बेशकीमती जमीन चली जाएगी, जिससे किसानों के सामने रोजी रोटी का संकट बढ़ जाएगा। इस पर कमिश्नर ने बताया कि नहर निकलने से सिंचाई के साधन उपलब्ध होंगे और पांच बीघा जमीन में दस बीघा जमीन के बराबर फसल की पैदावार होगी। चौपाल दौरान तमाम ग्रामीणों ने पेंशन न मिलने, पेयजल समस्याओं से भी अवगत कराया, जिस पर कमिश्नर ने समस्याओं का निराकरण कराने के मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए। चौपाल में जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर प्रबुद्ध सिंह, डीपीआरओ रामजियावन, सीएमओ एसके वार्ष्णेय सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।