संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। ब्लॉक कबरई के बरभौली गांव स्थित पारा बाबा मैदान में चल रहे दो दिवसीय अखिल भारतीय विशाल दंगल में दूसरे दिन सात कुश्तियां हुईं। विभिन्न प्रांतों से आए पहलवानों ने अपने दांवपेंच दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। चंडीगढ़ के प्रदीप ने हरियाणा के राहुल को पछाड़ा। महिला पहलवानों के बीच हुई कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही।
दंगल का शुभारंभ मथुरा से आए भईयाजी महाराज ने फीता काटकर किया। पहला मुकाबला अयोध्या के नागेंद्र पहलवान व महाराष्ट्र के चिंतामणि के बीच हुआ। 10 मिनट तक चली जोर-आजमाइश के बाद नागेंद्र सिंह विजेता रहे। चंडीगढ़ के प्रदीप ने हरियाणा के राहुल को पछाड़ा। हरियाणा के आयुष और देहरादून के सुरेंद्र के बीच हुआ मुकाबला बराबरी पर छूटा।
अयोध्या के नागेंद्र ने देहरादून के मोनू को शिकस्त देकर मुकाबला अपने नाम किया। गोरखपुर की महिला पहलवान रानी ने बहराइच की अन्नू को पटखनी देकर कुश्ती जीती। मेरठ के बग्गा पहलवान ने महाराष्ट्र के शेरू, बहराइच की खुशबू ने गोरखपुर की रानी, राजस्थान के संदीप ने अयोध्या के नागेंद्र और हरियाणा के राहुल ने बरेली के मनोज को हराया। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, चरखारी ब्लाॅक प्रमुख सीमा कुशवाहा, मयंक तिवारी, अनिल शिवहरे आदि मौजूद रहे। आयोजक जिला पंचायत सदस्य तेज प्रकाश शिवहरे की ओर से विजेता पहलवानों को शील्ड व नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।