कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें होली पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाए जाने की अपील की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि होली का त्योहार उल्लास का पर्व है। इसलिए पर्व में आपसी सौहार्द, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखें। सभी साथ मिलकर पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना के ठीक एक दिन बाद होली पड़ने से सतर्कता बरतने की जरूरत है।
कहा कि शहर में सफाई, पेयजल और बिजली की उचित व्यवस्था की जाए। पुुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि 11 मार्च को मतगणना कार्य पूर्ण होना है। इसके एक दिन बाद होली का पर्व है। इस पर्व को उत्साह व उल्लास के साथ संयम रखते हुए मनाना है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक कार्य से बचे झगड़ा फसाद न होने दे।
झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें उसकी सत्यता को अधिकारी हासिल करेंगे। जुलूस, डीजे होली पर प्रतिबंध है, जिसके लिए डीजे संचालकों को नोटिस दिया जा चुका हैै। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर डायल 100 या अधिकारियों को सूचना दें। बैठक में एसडीएम प्रबुद्ध सिंह, सभी थानों के थानाप्रभारी व समाजसेवी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी एसके वार्ष्णेय ने कहा कि त्योहार के दिन प्रत्येक अस्पताल में डाक्टर रहेंगे। साथ ही दवाइयां भी दी जाएगी। एंबुलेंस सेवा 102 व 108 किसी भी समय उपलब्ध रहेगी। इसके लिए पूर्व में ही डाक्टरों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। डाक्टरों को कहना है कि हरे रंग का प्रयोग न करें ज्यादा से ज्यादा पलास के रंगों का प्रयोग करें। शराब, नशीली वस्तुओं का सेवन न करे।