महोबा। कोतवाली चरखारी के सबुआ गांव में चोरों ने एक मकान से डेढ़ लाख की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। आहट पाकर परिजनों के जागने पर चोर छत स कूदकर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सबुआ गांव निवासी राधेश्याम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रात करीब दो बजे वह परिवार के साथ घर पर सो रहा था। तभी चोर घर की छत के रास्ते मकान में घुसे। चोरों ने दूसरे कमरे में रखे बक्से व अटैची का ताला तोड़कर 1.53 लाख रुपये, आधार कार्ड, पेन कार्ड, एटीएम चोरी कर लिए।
इसके अलावा सोने का हार, चार सोने की चूड़ी, मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट, सोने के चार चूड़ा बच्चोंं वाले, चांदी की तीन जोड़ी पायल, हाफपेटी और बिछुआ चोरी कर लिया। इस दौरान आहट पाकर उसकी मां जाग गई तो दो आरोपी छत के रास्ते भाग गए।
परिजनों ने चोरों की तलाश की लेकिन सुराग नहीं लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। उधर, कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।